शाजापुर। नियमों को बनाने के पीछे का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नही, बल्कि उनकी सुरक्षा करना है। इसलिए हर आम से लेकर खास तक को नियमों का पालन करना चाहिए ताकि वे स्वयं भी सुरक्षित रहें और लोग भी सुरक्षित रह सकें। यह संदेश यातायात पुलिस ने शहर में निकाली गई जागरूकता रैली के दौरान शहरवासियों को दिया। यातायात नियमों एवं सडक़ सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने हेतु गुरुवार को यातायात जागरूकता रथ को कलेक्टर दिनेश जैन, पुलिस अधीक्षक पंकज श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रथ के साथ पुलिस ने जागरूकता वाहन रैली निकालते हुए लोगों को बाइक चलाते समय हेलमेट लगाने और चौपहियां वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया। रैली में पुलिसकर्मी हेलमेट पहनकर शामिल हुए ताकि लोगों में हेलमेट को लेकर जागरूकता आए। इसीके साथ शराब पीकर बाइक और अन्य वाहन नही चलाने की अपील की गई। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से निकली।
सडक़ पर उतरे यमराज
शहर में निकाली गई जागरूकता रैली के दौरान यातायात नियमों से लोगों को जागरूक करने हेतु यमराज स्वयं सडक़ पर उतरे नजर आए। यातायात पुलिस ने दुर्घटना से देरी भली का संदेश देते हुए यमराज के रूप में कलाकार को सडक़ पर उतारा जिसने सडक़ से गुजर रहे लोगों को हादसों के प्रति जागरूक किया। वाहन चालकों को रैली के माध्यम से समझाईश दी गई कि वे वाहन चलाते समय यातायात के समस्त नियमों का पालन करें, ताकि स्वयं के साथ अन्य लोगों की भी हादसों से सुरक्षा हो सके। साथ ही अंधगति से वाहन नही चलाने की भी अपील की गई।
