शाजापुर। सशक्त वाहिनी योजना के तहत जिले की बालिकाओं को महिला बाल विकास विभाग द्वारा प्रशिक्षित किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बालिकाओं को स्वाभिमान से जीवन यापन करने हेतु स्वावलंबी बनाने के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि बालिकाएं पढ़ लिखकर प्रशासकीय सेवा में या पुलिस सेवा में अपनी सेवाऐं दे सकें। इसीको लेकर विभाग द्वारा जिले में सशक्त वाहिनी योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत पुलिस विभाग और होमगार्ड के सहयोग से 45 बालिकाओं को आगामी समय में पुलिस भर्ती हेतु आयोजित प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है। तैयारियों पर होने वाला समस्त व्यय महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वहन किया जा रहा है। प्रशिक्षण में सम्मिलित समस्त बालिकाओं को नि:शुल्क रूप से प्रतियोगिता से सम्बंधित सामान्य ज्ञान की पुस्तकें एवं अन्य पठनीय सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इस दौरान छात्राओं के शारीरिक अभ्यास हेतु विभाग द्वारा जिला होमगार्ड के सहयोग से ग्राउंड तैयार किया गया है एवं प्रशिक्षण हेतु तीन प्रशिक्षकों की सेवाएं मासिक मानदेय के आधार पर जिला होमगार्ड से ली गई है। महिला एवं बाल विकास से मिली जानकारी के अनुसार विभाग द्वारा सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने हेतु मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण योजना एवं बालिकाओं को सशक्त एवं बनाने हेतु सशक्त वाहिनी योजना संचालित की जा रही। जिले में पुलिस एवं जिला होमगार्ड के सहयोग से बालिकाओं को विभिन्न प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क रूप से तैयारी कराई जा रही है, तैयारियों पर होने वाला सम्पूर्ण व्यय महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वहन किया जा रहा है।
