शाजापुर। जैन साध्वी गुरुवर्या श्रीशुद्धि प्रसन्ना श्रीजी मसा आदि ठाणा 3 का शुक्रवार सुबह 8.30 बजे नगर में मंगल प्रवेश हुआ। वहीं आज सुबह 9.30 बजे ओसवाल सेरी स्थित जैन उपाश्रय में धर्मसभा एवं प्रवचन होंगे। समाज के मीडिया प्रभारी मंगल नाहर ने बताया कि बेरछा से विहार करते हुए साध्वी मंडल ने गुरुवार शाम को ग्राम बिकलाखेड़ी में विश्राम किया। जहां से विहार करते हुए वे सुबह 8.30 बजे स्थानीय टंकी चौराहा पहुंचे। यहां समाजजनों की भावपूर्ण अगुआनी में मंगल प्रवेश करते हुए साध्वी मंडल नगर के ओसवालसेरी स्थित जैन उपाश्रय पहुंचा, जहां सुबह 9.30 बजे साध्वी मंडल के शुभ आशीर्वचनों का लाभ समाजजनों को मिला। इस दौरान बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरूष उपस्थित थे।
भाजपा नगर अध्यक्ष ने लिया आशीर्वाद
जैन साध्वियों के मंगल प्रवेश के दौरान बेरछा रोड़ पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नवीन राठौर, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विजय जोशी आदि ने साध्वीश्री का आशीर्वाद प्राप्त किया। समाज के मंगल नाहर ने बताया कि 15 जनवरी शनिवार को भी सुबह 9.30 बजे उपाश्रय में समाजजनों को साध्वीश्री के प्रभावी प्रवचनों का धार्मिक लाभ प्राप्त होगा।
