शाजापुर। बापू की कुटिया लालघाटी स्थित वृद्धजन सेवा निकेतन में पहुंचकर कलेक्टर दिनेश जैन ने बुजुर्गों से मुलाकात की। साथ आश्रम का निरीक्षण कर वृद्धजनों से उनके स्वास्थ्य तथा वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने वृद्धाश्रम में दी जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर जैन ने यहां मौजूद बुजुर्गों के साथ बैठकर उनके सुख-दुख को भी साझा किया। साथ ही बुजुर्गों से कहा कि उन्हें किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, वे अपने आप को बेसहारा न समझें, उनकी देखभाल के लिए जिला प्रशासन हमेशा तत्पर है। उन्हें किसी प्रकार की परेशानी होती है तो वे किसी भी अधिकारी को नि:संकोच बता सकते हैं। कलेक्टर जैन ने वृद्धजनों के विश्राम के लिए गार्डन में कुर्सी लगानेए, उद्यान वाटिका तैयार करने के निर्देश सीएमओ को दिए।
वृद्धजनों की सेवा पुनित कार्य
उल्लेखनीय है कि वृद्धजन सेवा निकेतन शाजापुर में सेवा और समर्पण की अदृभुत व्यवस्था कलेक्टर जैन के निर्देशन तथा मार्गदर्शन में की गई है। यही कारण है कि आश्रम में रहने वाले वृद्धों के लिए घर से भी दूर एक घर की कल्पना को कलेक्टर जैन की मंशानुसार आदर्श बनाया जा रहा है। आश्रम में पुस्तकालय, स्वास्थ्य परीक्षण इत्यादि व्यवस्था कलेक्टर के निर्देशन में की गई है। परिसर में वृद्धजनों द्वारा सभी पर्व इत्यादि आनंदपूर्वक मनाए जा रहे हैं और प्रसन्नता रखते हुए जीवन का आनंद लिया जा रहा है
