शाजापुर। परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा शहर में पांच दिनों तक प्रतिदिन सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन किए गए। इसी क्रम में समाज के लोगों ने अपने आराध्य भगवान परशुराम की शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली। रविवार शाम 5 करीब बजे वजीरपुरा स्थित बालवीर हनुमान मंदिर से शोभायात्रा शुरू हुई जो शहर के वजीरपुरा, किला रोड, आजाद चौक, नई सडक़, बस स्टैंड होते हुए राज राजेश्वरी माता मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में बग्घी में भगवान परशुराम का चित्र सवार था। वहीं महिलाएं और युवतियां केसरिया वस्त्र तथा पगड़ी पहनकर शामिल हुईं जो शोभायात्रा में प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहा। शोभायात्रा का शहर के चौक-चौराहों पर सामाजिक, धार्मिक और राजनैतिक संगठनों के द्वारा स्वागत किया गया। शहर के आजाद चौक में मोहर्रम कमेटी के सदर इमरान खरखरे के नेतृत्व में शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इसीके साथ ब्राह्मण समाज के वरिष्ठों का साफा बांधकर सम्मान किया गया। इस मौके पर वरिष्ठ सरपरस्त शेख शमीम शम्मू, वरिष्ठ सरपरस्त मिर्जा सलीम बेग, मिर्जा सोहराब बेग, अजीज मंसूरी, गफ्फार मंसूरी, डॉक्टर मौजूद, कय्यूम खान, फैसल वारसी, सद्दाम पठान, इमरान राजा सहित समाजजन मौजूद थे। वहीं नई सडक़ पहुंचने पर शहर के सबसे संवेदनशील एरिया कहे जाने वाले मनिहारवाड़ी क्षेत्र से भी मुस्लिम समाज के लोगों ने सांप्रदायिक सोहार्द की मिसाल पेश करते हुए शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। यात्रा में बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं और पुरूष शामिल थे।
