शाजापुर। पार्टी से निष्कासित लोगों के साथ बिना सूचना दिए पहुंचे भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष को भाजपा कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर नाराजगी व्यक्त की। प्राप्त जानकारी के अनुसार पार्टी से निष्कासित लोगों के साथ युवा मोर्चा के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार बुधवार को दुपाड़ा पहुंचे, इस आगमन की भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों को कोई सूचना नही थी, जिससे पार्टी के पदाधिकारियों ने रोष व्यक्त करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए काले झंडे दिखाए। भाजयुमो के विशाल सोनी ने बताया कि दुपाड़ा के पूर्व सरपंच सचिन पाटीदार को विधानसभा चुनाव 2018 के दौरान भाजपा से बगावत करने पर निष्कासित कर दिया गया है, लेकिन इसके बाद भी प्रदेश अध्यक्ष पंवार उनके घर पहुंचे और वहां पर उनका स्वागत सत्कार हुआ, जबकि उनके आगमन की दुपाड़ा के भाजपा कार्यकर्ताओं को कोई जानकारी नहीं दी गई। सोनी ने बताया कि मंगलवार रात उन्होने भारतीय जनता युवा जिलाध्यक्ष सुनील दैथल से इस संदर्भ में चर्चा की थी, जिस पर जिलाध्यक्ष ने कहा था कि उनका प्रोग्राम शाजापुर जाने का है ना कि दुपाड़ा आने का, लेकिन इसके बाद भी प्रदेश अध्यक्ष निष्कासित पार्टी नेता के घर पहुंच गए, जिसको लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजयुमो मुर्दाबाद के नारे लगाकर प्रदेश अध्यक्ष को काले झंडा दिखाए।
प्रथम आगमन पर दिखाए काले झंडे
उल्लेखनीय है कि भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद वैभव पंवार का दुपाड़ा में बुधवार को प्रथम आगमन था, लेकिन पंवार ने पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करते हुए भाजपा के बागी और निष्कासित लोगों का साथ देना उचित समझा। पंवार के इस रवैये के कारण स्वागत के लिए खड़े भाजपाईयों ने उन्हे काले झंडे दिखाए और भाजयुमो मुर्दाबाद के नारे लगाकर अपना रोष व्यक्त किया। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष पंवार काले झंडे दिखाने की बात को सिरे से नकार रहे हैं। उनका कहना है कि कार्यकर्ताओं ने उन्हे काले झंडे नही दिखाए।
