शाजापुर। देश में दो प्रकार के लोग हैं जो राष्ट्र निर्माण का कार्य करते हैं। पहला शिक्षक और दूसरा पत्रकार है, जिनका दायित्व समाज के उत्थान के लिए कार्य करना होता है। अगर यह दोनों ही अपने कर्तव्य को व्यवसाय मान लें तो समाज पथ भ्रष्ट हो सकता है। उक्त बातें शुजालपुर में आयोजित श्रमजीवी पत्रकार संघ के संभागीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री इंदरसिंह परमार ने कही। मंत्री परमार ने कहा कि यदि शिक्षक ने छात्रों को अच्छी शिक्षा दी तो वह छात्र राष्ट्र निर्माण करेगा। वहीं पत्रकार भी सेवा भाव के साथ राष्ट्रहित और समाजहित की खबरें प्रकाशित करेगा तो राष्ट्र निर्माण संभव है। पत्रकार अपने समाचार पत्र में सकारात्मक सुझाव के साथ समाचार प्रकाशित करता है तो समाज पर अच्छा प्रभाव पड़ता है। अब आपको तय करना है कि राष्ट्र निर्माण किस प्रकार के समाचार प्रकाशित करने से होगा। कार्यक्रम को श्रमजीवी पत्रकार संघ प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया ने सबोधित करते हुए कहा कि इस संगठन की स्थापना 1952 में प्रेस परिषद के रूप में हुई थी, जो 1960 में जर्नलिस्ट वर्किंग यूनियन में तब्दील हो गया और अब यह संगठन श्रमजीवी प्रत्रकार संघ के रूप में पूरे प्रदेश में कार्य कर रहा है। भदौरिया ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री परमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि राजनैतिक क्षैत्र में रहकर कोई ईमानदारी का दावा नही कर सकता, परन्तु परमार ने इस बात को झूठा साबित कर दिया और आज अपनी ईमानदारी की वजह से परमार जाने जाते हैं। कार्यक्रम में प्रशानिक अधिकारियों ने हिस्सा लेकर हमारे संगठन व पत्रकार साथी का सम्मान बढ़ाया है। भदौरिया ने पत्रकारों से कहा कि दुष्कर्म की खबरों को कम स्थान दें और दुष्कर्म के आरोपियों की सजा की खबरों को अधिक स्थान दें जिससे लोगों को यह कृत्य करने से डर लगेगा। इसके पूर्व स्वागत भाषण जिलाध्यक्ष मनोज जैन दिया। कार्यक्रम को कलेक्टर दिनेश जैन, एसपी पंकज श्रीवास्तव, संभागीय अध्यक्ष राजेंद्र राठौर, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र पुरोहित, प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यनारायण वैष्णव ने भी अपने विचार रखते हुए पत्रकारों को समाज का दर्पण बताया। इस दौरान मंच पर अशोक नाहर, रमेश धक्कड़, अनुपम तिवारी, प्रेम सोनी, प्रतिपालसिंह राणा, आनंद गुप्ता, राजेन्द्र अग्रवाल, अशोक गुर्जर, प्रकाश बंसल, कमल पुष्पद, अभिषेक सक्सेना, पुरूषोत्तम पारवानी, राजेश भंडारी मौजूद थे। संचालन किशोर खन्ना ने किया। स्वागत गीत और सरस्वती वंदना वाणी रजपाल ने प्रस्तुत किया। इस मौके पर पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकार धरमसिंह मंडलोई, रमेश धगट, हरविन्दरसिंह पाहुजा, पुरूषोत्तम पारवानी, वल्लभ भावसार, प्रेमनारायण मजेठिया का शाल श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर शाजापुर, आगर जिले सहित उज्जैन संभाग के मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।
