शाजापुर। मध्यप्रदेश राजस्व अधिकारी संघ के बैनरतले अधिकारियों ने सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर दिनेश जैन को ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि संघ वर्ष 2017 से कई ज्ञापनों एवं मौखिक रूप से वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट कर पदोन्नति एवं अन्य समस्याओं के बारे में अवगत करा रहा है, लेकिन इसके बाद भी संघ की मांगों का निराकरण नही किया जा रहा है। ज्ञापन में बताया कि वर्तमान में मध्यप्रदेश के अतिरिक्त सभी प्रदेशों में राजस्व विभाग में पदोन्नति की जा रही है। प्रदेश में शासन द्वारा पुलिस, जेल, सामान्य प्रशासन विभाग में पदोन्नति के विकल्प खोलते हुए अवसर प्रदान किए गए हैं जिससे संबंधित विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के मनोबल में वृद्धि हुई है, परंतु राजस्व विभाग में कई अधिकारी-कर्मचारी वर्ष 2016 से बिना पदोन्नति प्राप्त किए सेवानिवृत्त हो चुके हैं जिससे अत्यंत हताशा की स्थिति है।
राजस्व विभाग में नायब तहसीलदार पद की ग्रेड पे 4200 किए जाने की मांग की जा रही है, किंतु अनेकों निवेदन के बाद भी इसे नही स्वीकृति नही दी गई है, जबकि लोकस्वास्थ्य एवं कल्याण विभाग, संयुक्त पंजीयक, औद्योगिक न्यायालय सहायक लोक अभियोजन अधिकारी, सहायक वाणिज्यकर अधिकारी, अधीक्षक जिला-संभाग कार्यालय के ग्रेड पे 3600 से बढ़ाकर 4200 किए जा चुके हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि गे्रड पे बढ़ाया जाए, डिप्टी कलेक्टर के 236 पद रिक्त हैं जिन पर तहसीलदारों को पदोन्नत किया जाए। वहीं समस्त पात्र नायब तहसीलदारों को तहसीलदार के पद पर पदोन्नत किया जाए। ज्ञापन देते समय तहसीलदार राजाराम करजरे सहित राजस्व अधिकारी मौजूद थे।
