शाजापुर। लावारिस वृद्ध महिला को चाईल्ड लाइन टीम के द्वारा वृद्धाश्रम में प्रवेश दिलाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार चाईल्ड लाईन शाजापुर टीम को ग्राम दुधाना निवासी समाजसेवी मनोहरसिंह सिसोदिया, गोपालसिंह नायक के 70 वर्षीय वृद्ध महिला के लगभग एक माह से लावारिस अवस्था में होने की जानकारी दी गई। महिला की भाषा ग्रामीणों के द्वारा नहीं समझ पाने से उसके परिवार के संबंध में कोई पता नही चल पा रहा था। इस पर टीम द्वारा ग्राम सचिव कैलाश कटारिया, सरपंच प्रतिनिधि देवीसिंह राजपूत से समन्वय कर महिला को मंगलवार के दिन जनसुनवाई में कलेक्टर दिनेश जैन के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिस पर कलेक्टर जैन ने महिला को वृद्धाश्रम में आश्रय प्रदान करवाने हेतु सामाजिक न्याय विभाग को आदेशित किया। इसके बाद लालघाटी पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर महिला का मेडिकल परीक्षण करवाया और सामाजिक न्याय विभाग द्वारा महिला को वृद्धाश्रम में आश्रय प्रदान करवाया गया। उक्त कार्रवाई में एसडीएम शैली कनाश, थाना प्रभारी केके चौबे, समाजसेवी गायत्री विजयवर्गीय, सीमा शर्मा, महिला आरक्षक संगीता परमार, चाईल्ड लाईन टीम का विशेष सहयोग रहा।
