शाजापुर। वर्ष 2019 की फसल बीमा राशि अब तक नही मिलने से किसानों को विभाग-विभाग भटकना पड़ रहा है, लेकिन इन परेशान किसानों की सुनवाई करने वाला कोई नजर नही आ रहा है। सलसलाई शाखा के अन्तर्गत आने वाली मंगलाज गांव की सोसाइटी के ग्राम गांवड़ी के किसानों एवं अन्य गांव के किसानों को खरीफ फसल 2019 में नुकसान होने की फसल बीमा राशि अब तक नही मिल सकी है। किसानों का कहना है कि 18 सितम्बर 2020 को एक क्लिक के माध्यम से मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रदेश के सभी किसानों के खातों में 2019 फसल बीमा राशि डाली थी, लेकिन उनके खाते में अब तक कोई राशि नही मिली है। किसानों ने बताया कि शाजापुर कलेक्टर द्वारा बीमा कम्पनी एवं किसानों के साथ में सलसलाई शाखा पर 30 जनवरी एवं 31 जनवरी 2021 को समस्या का समाधान करने के लिए शिविर लगाया गया था, जिसमें बीमा कम्पनी के प्रतिनिधि के द्वारा कहा गया था कि किसानों के खातों में जल्द ही राशि जमा करा दी जाएगी, परंतु राशि का कोई पता नही है। किसानों का कहना है कि 2020 में खराब हुई सोयाबीन फसल नुकसान का राहत राशि भी उन्हे नही दी गई है। किसानों ने समस्या का शीघ्र ही निराकरण नही होने पर शाजापुर जिला मुख्यालय पहुंचकर आंदोलन की चेतावनी दी है।
